
NH-27 पर इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को मिलेगी चार्जिंग की सुविधा, स्वच्छ एवं आधुनिक परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
- पूजा परिहार
झाँसी। शिवपुरी रोड, NH-27 स्थित डगरवाहा रक्सा के स्वामी फिलिंग स्टेशन (HP पेट्रोल पंप) पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए नए EV चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से NH-27 से गुजरने वाले इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के साथ-साथ क्षेत्र के स्थानीय लोगों को भी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
EV चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), झाँसी सेल्स एरिया के अधिशासी विक्रय अधिकारी श्री मनीष कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर श्री मनीष कुमार सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि के साथ सुविधाजनक और सुलभ चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता भी बढ़ रही है। स्वामी फिलिंग स्टेशन पर EV चार्जिंग सुविधा शुरू होने से NH-27 पर यात्रा करने वाले इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में स्वच्छ एवं आधुनिक परिवहन को प्रोत्साहन मिलेगा।
स्वामी फिलिंग स्टेशन के संचालक अखलेश गुप्ता (नीलू रक्सा) ने कहा कि ग्राहकों को पेट्रोल और डीजल के साथ आधुनिक ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से EV चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा स्थानीय नागरिकों के साथ NH-27 से गुजरने वाले इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए भी उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम में मौजूद रहे क्षेत्रीय लोग
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान नरेश गुप्ता, राजू रक्सा, इंजीनियर ऋषभ गुप्ता, आशीष गुप्ता, बृजेंद्र राजपूत, प्रकाश मिश्रा और उमेश रायकवार सहित पेट्रोल पंप के कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
स्वामी फिलिंग स्टेशन प्रबंधन की ओर से ग्राहकों और क्षेत्रवासियों को नई EV चार्जिंग सुविधा का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया गया। स्टेशन पर इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


