HomeNEWSतीन साल बाद लगेगा तीन दिवसीय किसान मेला, 200 स्टॉल पर दिखेगी...

तीन साल बाद लगेगा तीन दिवसीय किसान मेला, 200 स्टॉल पर दिखेगी कृषि तकनीक की झलक

15 से 17 अक्टूबर तक होगा आयोजन, उत्तर भारत के सात राज्यों से 25 से 30 हजार किसानों के पहुंचने का अनुमान

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में तीन साल के अंतराल के बाद तीन दिवसीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। आगामी 15 से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित किसान मेले की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

किसान मेले का आयोजन विश्वविद्यालय के मुख्य भवन परिसर में किया जाएगा। समीक्षा बैठक के दौरान मेले की व्यवस्थाओं और स्टॉलों की संख्या को लेकर चर्चा की गई। इस वर्ष मेले में 200 स्टॉल लगाए जाने का निर्णय लिया गया है।

सात राज्यों से पहुंचेंगे किसान

विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार डॉ. वी. के. त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्रीय किसान मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तर भारत के सात राज्यों से किसान और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि मेले में करीब 25 से 30 हजार किसानों के आने की संभावना है।

मेले के माध्यम से किसानों को कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही नई तकनीकों और विभिन्न प्रकार की आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

जैविक और प्राकृतिक खेती समेत कई विषयों पर जागरूकता

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि किसान मेले में किसानों को औषधीय गुणों वाली फसलों, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज समेत कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही किसानों और कृषि उद्यमियों की समस्याओं एवं प्रश्नों के समाधान के लिए विशेषज्ञों की मौजूदगी भी रहेगी।

उन्नत फसलों और बीजों की मिलेगी जानकारी

किसान मेले में सीएसए द्वारा संचालित 15 कृषि विज्ञान केंद्रों, आईसीएआर संस्थानों, सरकारी संस्थाओं, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और गैर सरकारी संगठनों की ओर से आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।

किसानों को फल, सब्जी, धान, गेहूं, दलहन और तिलहन की उन्नत फसलों एवं बीजों के साथ कृषि की नवीन तकनीकों की जानकारी और प्रत्यक्ष अवलोकन का अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, किसान मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नवीन तकनीकों, उन्नत बीजों और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना तथा कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments