गोविंद नगर में बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण, युवाओं, महिलाओं और छात्रों ने लिया हिस्सा; भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 138वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम के अवसर पर रविवार को कानपुर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। वहीं, भाजपा कानपुर उत्तर जिले के सभी 1281 बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ का सामूहिक रूप से श्रवण किया।
गोविंद नगर में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी, विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडे, एमएलसी मानवेंद्र सिंह, सलिल विश्नोई, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, आदित्य त्रिवेदी, वीरेंद्र तिवारी और भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित समेत पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन शुरू होने के बाद उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का श्रवण किया। आयोजन में युवाओं, महिलाओं और छात्रों की भी सहभागिता रही। भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न हिस्सों में काम कर रहे सामान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रयासों का उल्लेख करते हैं।

बूथ स्तर तक पहुंचा ‘मन की बात’ कार्यक्रम
भाजपा कानपुर उत्तर जिले की ओर से बूथ स्तर पर ‘मन की बात’ के श्रवण के लिए तैयारियां की गई थीं। पार्टी के अनुसार, जिले के सभी 1281 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुना। इस दौरान बूथ समितियों के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।
‘मन की बात’ के क्षेत्रीय संयोजक अनूप अवस्थी ने सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 243 पर बूथ समिति के सदस्यों के साथ कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम के बाद बूथ समिति की बैठक आयोजित कर बूथ पर हुई गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान शक्ति केंद्र संयोजक संतोष सिंह, बूथ अध्यक्ष विजय दूबे समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे।
वहीं, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कौशलपुरी स्थित बूथ संख्या 223 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। उन्होंने बताया कि कानपुर उत्तर जिले के सभी 1281 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का श्रवण किया।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री का संवाद बूथ स्तर तक पहुंचा और कार्यकर्ताओं को समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ने का अवसर मिला।


