
आईजीआरएस की रैंकिंग सुधारने के लिए डेडिकेटेड स्टाफ लगाने के निर्देश, योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को पहली बार विकास भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागीय कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की रैंकिंग में सुधार को लेकर संबंधित विभागों में डेडिकेटेड स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों और विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। किसी भी मामले को बिना उचित कारण के लंबित न रखा जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी कार्यालयों में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। इसका उद्देश्य आमजन को योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना और पात्र लाभार्थियों को बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

समाज कल्याण विभाग में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के एक साथ बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्यालय व्यवस्था से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आमजन से जुड़े मामलों का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


