HomeBundelkhandसेवा संकल्प अभियान के तहत सीएचसी गुरसराय में लगा रक्तदान शिविर, स्वास्थ्यकर्मियों...

सेवा संकल्प अभियान के तहत सीएचसी गुरसराय में लगा रक्तदान शिविर, स्वास्थ्यकर्मियों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

एमएलसी रमा निरंजन ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह, स्वैच्छिक रक्तदान को बताया सामाजिक जिम्मेदारी

  • अमित कुमार

झांसी। सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुरसराय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्रीमती रमा निरंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

शिविर में सीएचसी गुरसराय के अधीक्षक डॉ. ओ.पी. राठौर ने स्वयं रक्तदान कर स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उनके साथ लैब टेक्नीशियन योगेंद्र सिंह, एनसीडी कार्यक्रम से जुड़े संदीप कुमार और बीएचडब्ल्यू आनंद कुमार ने भी रक्तदान किया।

रक्तदान को लेकर किया जागरूक

शिविर के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर लोगों को जागरूक किया गया। बताया गया कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में उपयोगी हो सकता है।

एमएलसी रमा निरंजन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को बढ़ावा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता, सहभागिता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।

लगातार आयोजित हो रही जनसेवा गतिविधियां

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर जनसेवा, रक्तदान, स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित करने के साथ ही जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

रक्तदान महादान—आपका एक निर्णय किसी के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments