
ग्रामीण कांग्रेस ने जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पर किया विरोध, चुनावी पारदर्शिता को लेकर उठाई मांगें
- अंकित बाजपेई
कानपुर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत कानपुर में जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर ग्रामीण ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता चेतना चौराहे पर जुटे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करीब दोपहर एक बजे चेतना चौराहे पर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। पुतला फूंकने के दौरान जिला सचिव अमित कुमार, ग्रीन बाबू सोनकर और श्याम सोनकर के हाथ झुलसने की जानकारी दी गई है।
पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट गेट के पास बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में चुनावी प्रक्रिया और कथित ‘वोट चोरी’ से संबंधित पोस्टर भी थे।
करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर अपनी मांगें रखीं। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहां से वापस लौट गए।

जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
संदीप शुक्ला ने यह भी मांग रखी कि जिन राज्यों में कांग्रेस के अनुसार चुनावी अनियमितताएं हुई हैं, वहां निष्पक्ष तरीके से दोबारा चुनाव कराए जाएं। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन शुक्ला ने कहा कि जनता को चुनावी प्रक्रिया और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
प्रदर्शन में मदन मोहन शुक्ला, श्याम देव सिंह, उमेश दीक्षित, महेश दुबे, टंडन आनंद प्रकाश वर्मा, सतीश दीक्षित, प्राण नाथ मिश्रा, ईखलाक अहमद डेविड, मोहम्मद तौहीद, मोहम्मद तूफैल, रमणीक चतुर्वेदी, आलोक तिवारी, जितेंद्र शुक्ला, शक्ति पांडेय, ग्रीन बाबू सोनकर, हेमेंद्र श्रीवास्तव, विवेक सिंह, स्वाति यादव, राम चंद्र गुप्ता, कुलदीप बाबा, विवेक दीक्षित, मोहम्मद इमरान, पुरुषोत्तम त्रिपाठी, अनिकेत वाल्मीकि, आनंद मेहरोत्रा, दिनेश शुक्ला, अजय तिवारी, रमा दुबे, अजय सिंह और चंद्र मौली बाजपेई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी अपना विरोध जारी रखेगी। कानपुर में आयोजित यह प्रदर्शन कांग्रेस के देशव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा बताया गया।


