मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत सेन्ट्रल जोन पुलिस ने 21 स्थानों पर चलाया जागरूकता अभियान
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत सेन्ट्रल जोन पुलिस द्वारा ‘सुरक्षा की पाठशाला’ अभियान चलाकर बच्चों को सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान 21 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कुल 2,098 बच्चों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रमों में बच्चों को POCSO Act-2012, गुड टच-बैड टच, लैंगिक अपराधों से बचाव, ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराधों से संबंधित जरूरी सावधानियों के बारे में बताया गया। बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने बच्चों को किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क, ऑनलाइन बातचीत या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में सतर्क रहने तथा परेशानी होने पर तत्काल परिवार, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रमों के दौरान बच्चों और आमजन को विभिन्न आपातकालीन एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें पुलिस की 112 आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1090 एवं 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा और 101 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबर शामिल रहे।
पुलिस ने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार के अपराध, शोषण, धमकी, ब्लैकमेलिंग या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में चुप न रहें और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करें।
अभियान के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ आमजन को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता ही सुरक्षित बचपन की मजबूत नींव है। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चलाए जा रहे ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति सजग करना है।


