कानपुर कचहरी परिसर में आयोजित हुआ जयंती समारोह, अधिवक्ताओं ने चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि; युवा अधिवक्ताओं को विधि की नवीनतम जानकारी देने पर दिया जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं की ओर से लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय चंद्र भान (सीबी) निगम की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
समारोह की शुरुआत फौजदारी के वरिष्ठ अधिवक्ता सईद नकवी ने स्वर्गीय चंद्र भान निगम के चित्र पर माल्यार्पण कर की। उन्होंने कहा कि सीबी निगम रेंट एवं दीवानी मामलों के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ता होने के साथ-साथ अधिवक्ताओं के हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहते थे। जूनियर अधिवक्ताओं को विधि की नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने पर उनका विशेष जोर रहता था।
सईद नकवी ने कहा कि सीबी निगम लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में भी अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे। उपस्थित अधिवक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
स्वर्गीय सीबी निगम के पुत्र प्रदीप कुमार निगम ने भी उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए युवा अधिवक्ताओं को विधि की नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही कक्षाएं शुरू करेंगे। उन्होंने अपने पिता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने स्वर्गीय सीबी निगम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को याद किया। इसके बाद सभी ने मिष्ठान ग्रहण किया।
समारोह में प्रमुख रूप से पं. रवीन्द्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष लॉयर्स एसोसिएशन, मोती लाल गौड़, विजय कुमार, हरनाम सिंह तोमर, हरि शंकर अग्निहोत्री, शेखर सिंह, अनुराग मिश्रा, अमन कुमार, आदित्य मिश्रा, मो. इफ्तखार, वीर जोशी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।


