HomeNEWSसमाज की अमूल्य धरोहर हैं वरिष्ठ नागरिक : कपिल दुबे

समाज की अमूल्य धरोहर हैं वरिष्ठ नागरिक : कपिल दुबे

अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर 25 बुजुर्गों का सम्मान, अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर जताया सम्मान

  • कृष्ण कुमार

छिबरामऊ। प्रेमपुर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार से अनुदानित कृष्णा सामाजिक विकास संस्थान, मुरादाबाद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कोतवाल कपिल दुबे ने 25 वरिष्ठ महिलाओं एवं पुरुषों को अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर कोतवाल कपिल दुबे ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।

उन्होंने परिवार के सदस्यों से अपील की कि वे अपने घर के वरिष्ठजनों की आवश्यकताओं का ध्यान रखें और उन्हें सम्मान के साथ अपनापन दें। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण है और उनकी उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए।

संस्था की प्रबंधक गीता सैनी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से आगे भी वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सम्मान समारोह में अंगवस्त्र और माल्यार्पण से सम्मानित किए जाने पर वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर खुशी नजर आई। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments