HomeNEWSलोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह में अखिलेश यादव ने रखे सपा के...

लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह में अखिलेश यादव ने रखे सपा के प्रस्ताव

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को किया सम्मानित, 2027 में सरकार बनने पर सम्मान राशि बढ़ाने समेत कई घोषणाएं करने की बात कही

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों को सामाजिक न्याय के लिए चुनौतीपूर्ण बताते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र रक्षक सेनानियों के अनुभव और आशीर्वाद से समाजवादी पार्टी लोकतंत्र एवं संविधान से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दौर में संघर्ष किया और उनके अनुभव आज भी महत्वपूर्ण हैं।

2027 को लेकर सपा अध्यक्ष ने रखे प्रस्ताव

कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि यदि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि को 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये करने का निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के सुझावों को समाजवादी पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करने की बात भी कही। अखिलेश यादव के अनुसार दवा एवं इलाज की सुविधा, सरकारी अस्पतालों में विशेष व्यवस्था, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान सम्मान तथा बस और ट्रेन में मुफ्त यात्रा सहित अन्य प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।

सरकार पर लगाए कई आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने और सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इन परिस्थितियों में बदलाव के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है।

उन्होंने प्रदेश में जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में ऐसी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों या व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

अखिलेश यादव ने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान को एक-दूसरे से जुड़ा बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती से ही संविधान की रक्षा संभव है।

कार्यक्रम के दौरान देवरिया के रमजान अली ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की सभाओं में प्रस्तुत किए जाने वाले गीत ‘जाग उठी तरुणाई…’ की प्रस्तुति दी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भी लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को संबोधित किया।

सम्मेलन का आयोजन सांसद आनंद भदौरिया ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय, विधायक रविदास मेहरोत्रा, राजमणि पाण्डेय, सुभाष श्रीवास्तव, चन्द्रशेखर सिंह, बेचई यादव सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments