आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को दी पोषण संबंधी जानकारी, मातृ वंदना योजना के लाभार्थी को सौंपा प्रमाण पत्र
- राकेश कुमार
बांदा। जनपद बांदा में जिला प्रोबेशन कार्यालय, महिला सशक्तिकरण केंद्र एवं बाल सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान और पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम नगर पालिका बांदा में आयोजित किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कामिनी सिंह ने बच्चे रितिका को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया। इस अवसर पर बच्चों के उचित पोषण और स्वस्थ विकास के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी शशि को 5,000 रुपये की धनराशि से संबंधित प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा गर्भवती महिला की पारंपरिक रूप से गोद भराई भी कराई गई।
कार्यक्रम में बच्चों को खिलौने भी वितरित किए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़ी आवश्यक जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की।
इस दौरान महिला कल्याण विभाग की ओर से कामिनी सिंह ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर, बाल विवाह की रोकथाम और दहेज प्रतिषेध कानून से संबंधित प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में मनीष, सुधा गुप्ता, राधा सोनकर, सुधा धुरिया, एकता गुप्ता, बेबी जमील सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं तथा महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।


