
सरसैया घाट पर आयोजित हुआ अनूठा आयोजन, कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ दिया जागरूकता का संदेश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। सरसैया घाट पर युग दधीचि देहदान संस्थान के बैनर तले अजन्मी बेटियों की स्मृति में अनूठे महा तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व महापौर कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि यह आयोजन अजन्मी बेटियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ समाज में व्याप्त कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीति के खिलाफ भी एक महत्वपूर्ण संदेश है। उन्होंने कहा कि बेटियों को जन्म लेने का अधिकार और समाज में सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए।
समारोह के संयोजक मनोज मेंगर एवं माधवी सेगर ने आमंत्रित अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। मुख्य पूजन राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता एवं पूनम द्विवेदी ने किया। वहीं कलश पूजन अटल बिहारी वाजपेयी की पौत्री नंदिता मिश्रा एवं सुमित मिश्रा ने संपन्न कराया।
देवपूजन में डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. अलका दीक्षित, गीता बाजपेई एवं साधना महाना ने सहभागिता की। पितृ पूजन पं. शेषनारायण त्रिवेदी ‘पप्पू भैया’ एवं डॉ. वी.सी. रस्तोगी ने कराया।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार की ओर से पुष्पलता अवस्थी एवं उनकी सहयोगी बहनों ने भी तर्पण किया। इस दौरान अमर शहीदों और दिवंगत देहदानियों के लिए भी श्रद्धापूर्वक तर्पण किया गया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने अजन्मी बेटियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ सामाजिक जागरूकता का संकल्प भी दोहराया।
अंत में पितरों की महाआरती की गई, जिसके साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। आयोजन के स्वागताध्यक्ष अनिल राय एवं सुधीर महाना रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय भारती, रवि तिवारी, पंडित सुमित मिश्रा ‘गोल्डी’, पीयूष, गौतम, अभिषेक, दीपक, शांतिभूषण यादव, उत्कर्ष एवं रिमझिम सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।


