HomeNEWSमंधना रेलवे स्टेशन पर पार्किंग और परिवहन सुविधाओं को लेकर बैठक

मंधना रेलवे स्टेशन पर पार्किंग और परिवहन सुविधाओं को लेकर बैठक

भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मंधना रेलवे स्टेशन के आसपास पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन एवं यात्री सुविधाओं के विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंधना रेलवे स्टेशन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कानपुर अनवरगंज से मंधना (CPA-MDA) तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है। इसका कार्य संभावित रूप से नवंबर-दिसंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने के बाद मंधना रेलवे स्टेशन के इस रेलखंड का अंतिम टर्मिनल स्टेशन बनने की संभावना है। ऐसे में भविष्य में स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मंधना रेलवे स्टेशन के बाहर उपलब्ध उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर व्यवस्थित पार्किंग सुविधा विकसित करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन से कानपुर नगर सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

रेलवे, एनएचएआई और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर संदीप कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई एवं ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की। समिति को रविवार को मंधना क्षेत्र का संयुक्त सर्वे करने और पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से विकसित करना है।

बैठक में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जनपद में तहसील बिल्हौर के दो और तहसील सदर के 13 गांव संबंधित प्रकरण में शामिल हैं। इस संबंध में रेलवे की ओर से दोनों तहसीलों को पत्राचार किया गया है। जिलाधिकारी ने दोनों उप जिलाधिकारियों को सोमवार तक संबंधित प्रकरण की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कल्याणपुर-रावतपुर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर जोर

जिलाधिकारी ने कल्याणपुर से रावतपुर रेलवे स्टेशन के बीच के क्षेत्र में स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। संबंधित जोनल अधिकारी को क्षेत्र का सर्वे कर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम को संबंधित क्षेत्र में प्रभावी कूड़ा प्रबंधन और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं रेलवे अधिकारियों को रेलवे ट्रैक एवं उसके आसपास के क्षेत्र की नियमित निगरानी और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया, ताकि रेलवे और नगर निगम के समन्वय से क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जा सके।

नालों की सफाई और फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग पर भी चर्चा

बैठक में स्टेशन के बाहर सिविल क्षेत्र में स्थित नालों की समुचित साफ-सफाई, आवश्यकता के अनुसार नालों को कवर्ड कराने तथा फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध उपयुक्त स्थान पर वाहनों के लिए पार्किंग विकसित करने के संबंध में भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि मंधना रेलवे स्टेशन पर भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं का समग्र विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को स्टेशन तक आने-जाने में बेहतर सुविधा और सुगमता मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments