HomeNEWSफर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार

बेकनगंज पुलिस की कार्रवाई, अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से पासपोर्ट बनवाने का आरोप; 1997 से 2006 के बीच कई बार विदेश यात्रा की जानकारी सामने आई

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। बेकनगंज थाना पुलिस ने पासपोर्ट अधिनियम और धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान हफीजुर रहमान उर्फ अब्दुल हमीद, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी जाजमऊ क्षेत्र के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपने नाम से दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने का आरोप है। जांच में दोनों पासपोर्ट में अलग-अलग नाम और जन्मतिथि दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों और पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस जांच के दौरान आरोपी के वर्ष 1997 से 2006 के बीच कई बार विदेश यात्रा करने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि विदेश यात्राओं से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाई जा सके।

इस मामले में थाना बेकनगंज में मु0अ0सं0 103/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मकबरा शहीद के पास घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और पासपोर्ट बनवाने में आरोपी की मदद किसी अन्य व्यक्ति ने की थी या नहीं।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments