विधायक सुरेंद्र मैथानी ने रविदासपुरम में किया भूमि पूजन और शिलान्यास, 3.50 लाख रुपये से अधिक की लागत से होगा घाट का सुंदरीकरण
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-09 स्थित रविदासपुरम छठ पूजा घाट के सुंदरीकरण और विकास कार्यों की शुरुआत हो गई है। गोविंद नगर के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घाट पर सात घोड़ों पर सवार भगवान सूर्य की भव्य प्रतिमा की स्थापना और आसपास के क्षेत्र के सुंदरीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस पहल का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ घाट को आकर्षक धार्मिक स्वरूप देना है।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि इस परियोजना पर 3.50 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों और छठ व्रतियों की आस्था एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए घाट का कायाकल्प कराया जा रहा है। सात घोड़ों पर सवार भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित होने से घाट की सुंदरता बढ़ेगी और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण मिलेगा।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए घाट के आसपास स्वच्छता, सुंदरीकरण और जरूरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा घाट श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्व के दौरान पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा। भगवान सूर्य की प्रतिमा की स्थापना इस स्थल को धार्मिक दृष्टि से विशेष पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
भूमि पूजन एवं शिलान्यास के अवसर पर स्थानीय पार्षद वीरेन चौहान, रविदासपुरम छठ पूजा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, महामंत्री जे.पी. गौड़, अनिल सिंह, कोषाध्यक्ष राम लखन यादव, जामवंत उपाध्याय, केएल कुशवाहा, मंजू देवी, संजू देवी, सुनीता सिंह और नेहा कुशवाहा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


