
दीपेंद्र नाथ चौधरी ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और संदिग्धों की चेकिंग पर जोर
- प्रतीक कुमार
कानपुर नगर। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कानपुर पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने थाना बर्रा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पैदल गश्त कर पुलिस प्रबंधों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की सतर्कता परखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान डीसीपी दक्षिण ने पुलिसकर्मियों को त्योहारों के मद्देनजर पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी जाए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते दूर किया जा सके।
पुलिस उपायुक्त ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार रहने और आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और क्षेत्र में शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कानपुर नगर पुलिस की ओर से नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में निगरानी, गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु और आम नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।


