
पुष्प वाटिका में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के तहत हुआ भव्य आयोजन, उत्कृष्ट डांडिया प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
- पूजा परिहार
झांसी। बुंदेलखंड क्षेत्रीय गहोई वैश्य महिला सभा के तत्वावधान में ड्रीम इवेंट फाउंडेशन के सहयोग से शारदीय नवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में पुष्प वाटिका, आंतिया तालाब के पास भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गहोई वैश्य समाज की महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी प्रतिभागियों ने ढोलक की थाप और डीजे पर बजती गरबा की धुनों के बीच डांडिया रास खेलकर पूरे माहौल को उत्साह और भक्तिभाव से भर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक रवि शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी सुनीता शर्मा उपस्थित रहीं। इनके अलावा सांसद की धर्मपत्नी एवं फिक्की की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम शर्मा, जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह और बुंदेलखंड क्षेत्रीय गहोई वैश्य महिला सभा की अध्यक्ष रजनी गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा के चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना, दीपांजलि और पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। इसके बाद कार्यक्रम संयोजिकाओं आराध्या कंचन और शिवांगी मुद्गल ने अतिथियों को पटका पहनाकर, माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया।

डांडिया नाइट के दौरान महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ नृत्य किया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक संगीत ने आयोजन को आकर्षक बना दिया। महिलाओं के साथ बच्चों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर बुंदेलखंड क्षेत्रीय गहोई वैश्य महिला सभा की अध्यक्ष रजनी गुप्ता ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज की महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है और डांडिया उसी शक्ति, उमंग और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट डांडिया प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों के लिए प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजन के माध्यम से महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी करने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में महिला सभा की अध्यक्ष रजनी गुप्ता, महामंत्री रजनी सेठ, सह मंत्री निधि नगरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्रा गुप्ता, कोषाध्यक्ष राम श्री गुप्ता, सह कोषाध्यक्ष रुचि गुप्ता और निवर्तमान अध्यक्ष प्रभा सरावगी सहित कल्पना सेठ, आकांक्षा मलैया, प्रियंका सरावगी, शकुन गुप्ता, नीलम गुप्ता, आस्था मिश्रा, कंचन गुप्ता, वर्षा नीखरा, अर्चना नौगरैया, पूर्वा गुप्ता, मानसी बांगर, प्रीति गुप्ता, रश्मि लोहिया, साक्षी गुप्ता, वंदना पहाड़िया, सीमा गुप्ता, साधना सेठ, मनीषा गुप्ता, भारती गुप्ता, पूजा सेठ, विनीता सरावगी, रेनू गेड़ा, पारुल कंदेले और सुमन विनय गुप्ता समेत कार्यकारिणी की सदस्याएं एवं अन्य गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन अभिषेक गौतम ने किया। आयोजन में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ शारदीय नवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक और धार्मिक छटा देखने को मिली।


