डिप्टी पड़ाव और मोती झील रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, भीड़ प्रबंधन और सतर्क ड्यूटी के दिए निर्देश
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। विजयादशमी पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने शहर के दो प्रमुख रावण दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने थाना रायपुरवा क्षेत्रांतर्गत डिप्टी पड़ाव स्थित रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा आयोजन को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने थाना स्वरूप नगर क्षेत्रांतर्गत मोती झील मैदान स्थित रावण दहन स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां भी सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सेंट्रल जोन पुलिस ने नागरिकों से विजयादशमी का पर्व आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।


