Home NEWS कानपुर में यातायात माह-2026 का शुभारंभ, सड़क हादसों में 40% और मौतों...

कानपुर में यातायात माह-2026 का शुभारंभ, सड़क हादसों में 40% और मौतों में 30% की कमी का दावा

0
6

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की जागरूकता रैली, नगर आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त समेत अधिकारी व एनसीसी कैडेट्स रहे मौजूद

  • प्रियंका त्रिवेदी

कानपुर नगर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन टाडा सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से यातायात जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

सड़क दुर्घटनाओं में 40 प्रतिशत की कमी का दावा

पुलिस प्रशासन के अनुसार, यातायात नियमों के पालन और पुलिस के निरंतर प्रयासों के चलते सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 40 प्रतिशत तथा सड़क हादसों में होने वाली मौतों के मामलों में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

पूरे नवंबर चलेगा विशेष अभियान

यातायात माह के दौरान पूरे नवंबर शहर में जागरूकता और विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा यातायात संकेतों और नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।

अधिकारियों ने आमजन से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

यातायात माह-2026 के शुभारंभ के साथ ही कमिश्नरेट कानपुर नगर ने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने और शहर में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

संदेश: सुरक्षित कानपुर, सुव्यवस्थित कानपुर।