

भीषण अग्निकांड में अदम्य साहस और सूझबूझ का दिया था परिचय, जहरीले धुएं और भीषण गर्मी के बीच लोगों को सुरक्षित निकालकर बचाई थी जान।
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। थाना कल्याणपुर क्षेत्र के आवास विकास, अम्बेडकरपुरम स्थित मैक्स शोरूम एवं होटल सनवर्ड में 18 सितंबर 2026 को हुए भीषण अग्निकांड के दौरान अदम्य साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए 25 से अधिक नागरिकों की जान बचाने वाले अग्निशमन पुलिसकर्मी को सम्मानित किया गया।
भीषण अग्निकांड के दौरान आग और घने जहरीले धुएं ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया था। अत्यधिक गर्मी और जानलेवा परिस्थितियों के बावजूद अग्निशमन पुलिसकर्मी ने अपनी जान की परवाह किए बिना राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा। उन्होंने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए 25 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही करोड़ों रुपये की संपत्ति को बचाने में भी उनका अहम योगदान रहा।
इस सराहनीय एवं साहसिक कार्य को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (DCP) पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी ने संबंधित अग्निशमन पुलिसकर्मी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान DCP पश्चिम ने पुलिसकर्मी के अदम्य साहस, कर्तव्यपरायणता, सूझबूझ और उत्कृष्ट कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की सुरक्षा करना पुलिस सेवा के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है।
DCP पश्चिम ने पुलिसकर्मी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया।
भीषण संकट के समय अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जिंदगी बचाने वाले ऐसे जांबाज कर्मियों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

