टैरिफ विवाद पर अरविंद केजरीवाल का हमला, बोले– “ट्रंप पर 100% टैरिफ लगाइए मोदी जी”

- समय टुडे डेस्क।
अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लागू किए जाने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि अमेरिका ने दबाव बनाकर टैरिफ लगाया है और भारत को भी सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाया है तो मोदी जी को अमेरिका पर 100% टैरिफ लगाना चाहिए। दुनिया के कई देशों ने जब अमेरिका पर जवाबी टैरिफ लगाया था, तब ट्रंप को झुकना पड़ा। लेकिन मोदी जी ने ऐसा नहीं किया।”
केजरीवाल ने कपास पर टैरिफ हटाने के केंद्र सरकार के फैसले को किसानों के साथ धोखा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में अमेरिका से आयातित कपास पर 11% ड्यूटी हटाई गई है, जबकि यह राहत केवल 40 दिनों (19 अगस्त से 30 सितंबर) तक दी गई है।
आप नेता ने कहा, “अब अमेरिकी कपास भारत के किसानों की कपास से सस्ती हो जाएगी। ऐसे में सवाल यह है कि भारतीय किसानों का कपास कौन खरीदेगा? यह फैसला किसानों की मेहनत पर चोट है।”
अमेरिकी टैरिफ पर राजनीतिक घमासान अब और तेज होने की संभावना है।



