NEWS

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले– रोजगार मेला महज़ एक दिखावा

  • समय टुडे डेस्क।

माजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए “रोज़गार मेला” केवल एक इवेंट भर है, जिसके नाम पर युवाओं के साथ छलावा किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को गुमराह किया जा रहा है। ऐसा लगता है मानो भाजपा नेता विदेश में प्लेसमेंट एजेंसी के एजेंट बनकर युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाते हुए नाममात्र की तनख्वाह पर उन्हें भेजकर कमीशन कमाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए नौकरी भी सिर्फ़ एक “जुमला” है। लेकिन अब उत्तर प्रदेश का जागरूक युवा इन झाँसों में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा, “जहाँ नौ साल इंतज़ार कर लिया, वहाँ कुछ दिन और सही… लेकिन चुनाव में यही युवा भाजपा सरकार का टोकन काटेंगे और हमेशा के लिए पत्ता साफ कर देंगे।”

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह वही मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने युवाओं पर टिप्पणी की थी कि नौकरी की नहीं बल्कि योग्यता की कमी है। उन्होंने सवाल उठाया कि विदेश में नौकरी पर जाने वाले युवाओं के शोषण से बचाव की गारंटी कौन देगा?

सपा अध्यक्ष ने कहा कि रोजगार मेलों और निवेश सम्मेलनों से रोजगार सृजन का दावा खोखला साबित हो रहा है। प्रदेश की युवतियों के लिए सरकार के पास कोई ठोस योजना क्यों नहीं है, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए।

उन्होंने नारे के अंदाज़ में कहा– “युवा कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा। भाजपा जाए तो नौकरी-रोज़गार आए।”

Related Articles

Back to top button