NEWSUttar Pradesh

अनुशासनहीनता पर सख्त रुख, संगठन गठन जल्द पूरा होगा : भूपेंद्र सिंह चौधरी

क्षेत्रीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चौधरी ने हाल ही में कानपुर देहात में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बयानबाजी व विरोध प्रदर्शनों पर नाराजगी जताई और इसे अनुशासनहीनता करार दिया।

  • मनीष कुमार / दिव्या पाण्डेय

कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने साफ किया है कि पार्टी में अनुशासनहीनता और आपसी आरोप-प्रत्यारोप किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में नोटिस जारी कर संगठन गंभीरता से विचार कर रहा है और जल्द कार्रवाई होगी।

प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को कानपुर क्षेत्रीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी अपनी बात पार्टी या सरकार के मंच पर रखें, सार्वजनिक बयानबाजी अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है। हाल ही में कानपुर देहात में हुई बयानबाजी और विरोध प्रदर्शनों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

बाराबंकी में एबीवीपी छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को दुखद बताते हुए चौधरी ने कहा कि जांच चल रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय से लेकर जिला स्तर तक संगठन के गठन की प्रक्रिया चल रही है, इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।

जिलाध्यक्षों को सख्त निर्देश
चौधरी ने बैठक में जिलाध्यक्षों को चेतावनी दी कि वे सरकारी कामों में दखल न दें और पूरा ध्यान संगठन पर लगाएं। सरकारी व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य सांसदों और विधायकों के लिए छोड़ने को कहा। उन्होंने 13 सितंबर को कानपुर में होने वाली “एक राष्ट्र, एक चुनाव दौड़” में 15 हजार से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य बताया।

सेवा पखवाड़ा और चुनावी तैयारी
बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, मतदाता पुनरीक्षण अभियान और स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव पर चर्चा हुई। चौधरी ने कहा कि पंचायत चुनाव में जनसेवा की भावना से प्रेरित प्रत्याशी उतारे जाएंगे।

बैठक में मौजूद रहे
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद रमेश अवस्थी, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री असीम अरुण, प्रतिभा शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह, सलिल बिश्नोई, देवेश कोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, सुरेन्द्र मैथानी, डॉ. मनोज प्रजापति, विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई, क्षेत्रीय महामंत्री राम किशोर साहू, पूनम द्विवेदी, तथा अन्य पदाधिकारी व जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button