BundelkhandNEWS

झांसी: नर्सिंग होम में नकाबपोशों की गुंडागर्दी, डॉक्टर और स्टाफ पर हमला, चार गिरफ्तार

झांसी के नवाबाद थानाक्षेत्र स्थित संजीवनी हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर और स्टाफ को पीटने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

  • अमन कुमार / पूजा परिहार

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में एक प्राइवेट नर्सिंग होम में बिल पेमेंट और इलाज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। करीब दर्जनभर नकाबपोश बदमाश अचानक अस्पताल में घुस आए और डॉक्टर के चेंबर में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

कैसे हुआ विवाद

नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित संजीवनी हॉस्पिटल में धमनाखुर्द गांव की एक महिला मरीज को 6 सितंबर को भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान परिजन असंतुष्ट नज़र आए और विवाद करने लगे। इसी बीच बिल को लेकर भी कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को डिस्चार्ज कर दिया।

इसके बाद सोमवार को महिला मरीज का बेटा शिवदीप सिंह अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर मंदीप मैडिया पर हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ डॉक्टर बल्कि बीचबचाव करने आए स्टाफ को भी पीटा और अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की।

वायरल वीडियो और पुलिस की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लगभग 13 युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर फिल्मी अंदाज में अस्पताल में घुसे और सीधे डॉक्टर के चेंबर में पिटाई शुरू कर दी। हमले में ईंट, पत्थर और धारदार हथियारों का इस्तेमाल भी किया गया।

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों—शिवदीप सिंह, जयंत सिंह, रितिक कुशवाहा और दीपक शिवहरे—को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

डॉक्टर का बयान

डॉ. मंदीप मैडिया ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की बल्कि स्टाफ को भी बुरी तरह पीटा। पुलिस ने शिवदीप समेत कई नामजद और अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button