किदवई नगर में मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर पुलिस आयुक्त का भ्रमण


पुलिस आयुक्त ने छोटे बच्चों से भी बातचीत की, उनकी पढ़ाई व दिनचर्या की जानकारी ली और उन्हें टॉफियां वितरित कीं।
- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। थाना किदवई नगर क्षेत्र के कंजड़नपुरवा इलाके में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त की सूचना पर मंगलवार, 16 सितंबर 2025 को पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ डीसीपी दक्षिण, एडीसीपी दक्षिण, एसीपी बाबूपुरवा और थाना प्रभारी किदवई नगर भी मौजूद रहे।
भ्रमण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्थानीय परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और समाज में इस प्रवृत्ति को हतोत्साहित करें।

इस मौके पर लोगों को ऑपरेशन हौंसला के बारे में भी बताया गया और उनसे अपराध का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया गया। पुलिस आयुक्त ने छोटे बच्चों से भी बातचीत की, उनकी पढ़ाई व दिनचर्या की जानकारी ली और उन्हें टॉफियां वितरित कीं। बच्चे पुलिस आयुक्त को अपने बीच पाकर उत्साहित हुए और बोले कि वे बड़े होकर पुलिस अधिकारी बनना चाहते हैं।
अखिल कुमार ने डीसीपी दक्षिण को निर्देश दिए कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और सख्त व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



