बिहार में घुसपैठ पर पीएम मोदी के बयान को तेजस्वी यादव ने बताया “ध्यान भटकाने की रणनीति”

- समय टुडे डेस्क।
राजद नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने बिहार में घुसपैठ को लेकर विपक्षी दलों पर हमला बोला था। यादव ने आरोप लगाया कि यह विधानसभा चुनाव से पहले जनता का ध्यान भटकाने की रणनीति है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्णिया की सभा में विपक्ष पर आरोप लगाया था कि वे घुसपैठियों का बचाव करते हैं। उन्होंने कहा था कि घुसपैठ से “जनसांख्यिकीय संकट” पैदा हो गया है और आम लोगों को “अपनी बहनों-बेटियों की सुरक्षा की चिंता” हो रही है।
तेजस्वी यादव ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “चलिए मान लेते हैं कि बिहार में घुसपैठिए हैं। तो सवाल उठता है कि आप (मोदी) 11 साल से सत्ता में रहते हुए अब तक क्या कर रहे थे? इसके अलावा, भाजपा नीत राजग तो 20 साल से राज्य पर भी शासन कर रहा है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार बिहार में एक भी घुसपैठिए की पहचान कर पाई है। साथ ही आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पिछले साल झारखंड चुनावों में भी यही मुद्दा उठाया था और बाद में उसे भुला दिया।
पूर्व उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि घुसपैठ का मुद्दा बार-बार केवल जनता को भटकाने के लिए उठाया जाता है। एनडीए शासन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और त्वरित समाधान देने में विफल रही है।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन आगामी चुनावों में एनडीए को हराएगा। उन्होंने कहा, “हम ऐसी सरकार बनाएंगे जो ‘पढ़ाई’, ‘दवाई’, ‘कमाई’, ‘सुनवाई’ और ‘कार्रवाई’ सुनिश्चित करेगी। इसी संदेश के साथ मैं बिहार अधिकार यात्रा शुरू कर रहा हूं।”



