NEWSUttar Pradesh

कानपुर: प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने सर्किट हाउस में पदाधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

जनसमस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

  • दिव्या पाण्डेय

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री एवं कानपुर के प्रभारी मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय ने आज सर्किट हाउस में एक अहम बैठक आयोजित की। बैठक में कानपुर उत्तर, दक्षिण व ग्रामीण जिलों के भाजपा जिला अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। मंत्री उपाध्याय ने संगठन के पदाधिकारियों से प्रशासनिक गतिविधियों और जनसमस्याओं को लेकर फीडबैक लिया।

बैठक के दौरान कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पुलिस और प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि संगठन द्वारा उठाए गए मुद्दों और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। वहीं, दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने आर.टी.आई. के तहत पात्र बच्चों के एडमिशन न किए जाने की समस्या को उठाया।

एमएलसी अरुण पाठक ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर ध्यान दिलाया, जबकि अमित पांडे ने फेरी नीति और स्मार्ट सिटी योजना में आ रही खामियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। सुरेश अवस्थी ने कानपुर में बढ़ते गृहकर (हाउस टैक्स) की समस्या पर सवाल उठाया।

जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने सुझाव दिया कि प्रशासन संगठन के जिला अध्यक्षों को सुपर जनप्रतिनिधि की भांति गंभीरता से सुने और उनकी बातों पर कार्रवाई करे।

प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वे संभवतः 24 सितम्बर को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे और जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “प्रशासन में कोई भी बेलगाम अधिकारी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:

ग्रामीण अध्यक्ष उपेंद्र पासवान, विधायक महेश त्रिवेदी, मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, मनीष त्रिपाठी, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, अनुपम मिश्रा, सीमा (MBA), आशा पाल, ऋचा सक्सेना, धीरज बाल्मीकि, जसविंदर सिंह, रमिंदर सिंह, पार्षद नीरज रक्सेल, नीरज गुप्ता, नीरज कुरील, अर्जुन बेरिया, प्रशांत त्रिपाठी आदि।

Related Articles

Back to top button