NEWSUttar Pradesh

जिला जज ने 45 युवा अधिवक्ताओं को किया सम्मानित, रामकृष्ण शर्मा की स्मृति में हुआ कार्यक्रम

  • दिव्या पाण्डेय

कानपुर नगर। कानपुर बार एसोसिएशन सभागार में शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रख्यात समाजसेवी स्व. पं. रामकृष्ण शर्मा की स्मृति दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला जज चवन प्रकाश ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि “श्री शर्मा के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बार और बेंच के सामंजस्य से न्याय प्रणाली और मजबूत हो सकती है।”

अधिवक्ता कल्याण योजना में रहा बड़ा योगदान
बार एसोसिएशन के महामंत्री अमित सिंह ने कहा कि वर्ष 1974 में पं. रामकृष्ण शर्मा ने तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा से मिलकर प्रदेश में अधिवक्ता सामूहिक बीमा योजना (5000 रुपये की) लागू करवाई थी। यह उनकी बड़ी उपलब्धि रही। आगे उनके पुत्र पं. रवीन्द्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष लॉयर्स एसोसिएशन, के प्रयासों से वर्ष 2014 में इस योजना की राशि बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई, जिससे दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजनों को सीधा लाभ मिल रहा है।

अधिवक्ता कल्याण के लिए संघर्ष जारी
कार्यक्रम आयोजक पं. रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि वे अपने पिता से प्रेरणा लेकर अधिवक्ता कल्याण निधि बढ़ाने के संघर्ष में सफल हुए। उन्होंने बताया कि अब उनका लक्ष्य अधिवक्ता स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत से अधिवक्ताओं को जोड़ना, अधिवक्ता पेंशन योजना और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने का है, ताकि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित हो सके।

नवागंतुक अधिवक्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम में जिला जज ने राजुल श्रीवास्तव, शशांक त्रिवेदी, फाज़ेब हसन, यश वर्धन सिंह, गौरव पांडेय, जैनेन्द्र राजावत, नंदिनी गुप्ता, दीपू यादव, उज्वल कठेरिया सहित कुल 45 नवागंतुक युवा अधिवक्ताओं को अधिवक्ता सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सानिध्य और न्यायालय की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी से ही युवा अधिवक्ताओं का भविष्य उज्ज्वल होगा।

श्रद्धांजलि व प्रमुख उपस्थिति
सभी अतिथियों और अधिवक्ताओं ने पं. रामकृष्ण शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर आजाद सिंह, विनय सिंह, सुभाष सिंह, राकेश सिंह (न्यायाधीशगण), भानू द्विवेदी, महेंद्र बहादुर सिंह, अजीत शुक्ला, अशोक पांडेय, मो. कादिर खान, सोमेंद्र शर्मा (पुत्र), संजीव कपूर, विजय सागर, शिवम गंगवार, इंद्रेश मिश्रा, के.के. यादव सहित कई अधिवक्ता व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button