PM मोदी के जन्मदिवस पर झांसी मेडिकल कॉलेज में भव्य ‘रक्तदान शिविर’

- प्रज्ञा सिंह
झांसी। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर “सेवा पखवाड़ा अभियान” के तहत शुक्रवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है और समाज का हर व्यक्ति इस पुण्य कार्य में योगदान दे, यही सच्ची सेवा है।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद अनुराग शर्मा, विधायक रवि शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार एवं प्रदीप पटेल ने भी शिविर में शिरकत की और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” (17 सितम्बर–2 अक्टूबर 2025) तथा आठवें राष्ट्रीय पोषण माह (17 सितम्बर–16 अक्टूबर 2025) का शुभारंभ किया।
इस अभियान के अंतर्गत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी तथा महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए विशेष सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। जिले भर में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।

रक्तदाताओं का सम्मान
शिविर में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले युवाओं को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
नेताओं ने इसे सिर्फ जीवनदान नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का सर्वोच्च प्रतीक बताया। इस आयोजन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा ही संगठन’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।



