प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिवस पर ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ

- तरुण कुमार
जालौन ( उरई) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ आज जिला चिकित्सालय उरई में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. धनश्याम अनुरागी, एमएलसी रमा निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान तथा भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने फीता काटकर संयुक्त रूप से किया।
जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने का बीड़ा उठाया है। उनके जन्मदिवस को “सेवा पखवाड़ा” के रूप में मनाना गरीब, कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का अभिनव प्रयास है। इस दौरान जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, सीएचसी, पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंडलों में विशेष स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा ने जानकारी दी कि जनपद के सभी 140 आयुष्मान आरोग्य मंडलों पर जांच एवं जनजागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता और चिकित्सा अधिकारी मरीजों की जांच व उपचार कर रहे हैं।

जिला अस्पताल उरई में आयोजित शिविर में 275 मरीजों की जांच हुई, जिनमें 252 महिला मरीज शामिल थीं। यहां ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जालौन में नि:शुल्क शिविर में लगभग 900 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जबकि कोंच में आयोजित शिविर में 475 महिलाओं का उपचार किया गया।
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर ई-समितियां गठित कर नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया।



