BundelkhandNEWS

“त्योहारों के मद्देनजर DM-SSP ने बढ़ाई पुलिस पेट्रोलिंग, सुरक्षा कड़ी की जाएगी”

जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि पर्वों एवं त्योहारों का आगामी एक माह का समय संवेदनशील है। एक माह त्योहार की उमंग से परिपूर्ण होंगे, बाजारों में भीड़ होगी। विभिन्न आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक आदि की सहभागिता होगी।

  • अमन कुमार

झांसी। नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने क्षेत्र में सुरक्षा और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी पर्वों के दौरान आयोजनों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायों पर चर्चा की। आज कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरु, दुर्गा पंडाल आयोजकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ त्योहारों को हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाने के दिशा-निर्देश साझा किए।

जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि आगामी एक माह बेहद संवेदनशील है। बाजारों में भारी भीड़ होगी और विभिन्न आयोजनों में महिलाएं, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने और क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने यह भी बताया कि जिले में परंपरागत रूप से 933 स्थानों पर माँ दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त अन्य स्थलों पर भी प्रतिमाओं की स्थापना होती है। जिलाधिकारी ने आयोजकों से अपील की कि प्रतिमाओं की स्थापना सार्वजनिक और सुरक्षित स्थानों पर की जाए ताकि सड़क यातायात प्रभावित न हो, साथ ही लोगों की आस्था और जनभावना का पूरा सम्मान किया जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपनी तैनाती स्थल पर ही रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपद्रवियों और अराजक तत्वों को कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

बैठक में डॉ. विवेक बाजपेयी, संजीव अग्रवाल लाला, मुकेश अग्रवाल, पंडित पीयूष रावत, विनोद अवस्थी, वरुण अग्रवाल, रविश त्रिपाठी समेत अन्य लोगों ने सुझाव दिए कि क्षेत्र में लटके विद्युत तार ठीक किए जाएं, सड़कें गड्ढा मुक्त हों, नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या का समाधान हो और आयोजन स्थलों पर पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

इस अवसर पर एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, एसपी देहात डॉ. अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सभी उपजिलाधिकारी और विद्युत, लोक निर्माण, जल निगम एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button