भाजपा सरकार ने प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद किया : अखिलेश यादव

- ऋषभ कुमार
इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को खाद-बीज, बिजली और बुनियादी सुविधाएँ नहीं मिल पा रही हैं। अस्पतालों में दवाइयों की कमी है, रोजगार के अवसर खत्म हो गए हैं और हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है।
रविवार को इटावा लॉयन सफारी के दौरे के बाद मीडिया से बातचीत में यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौ बजट पेश किए लेकिन जनता को कोई राहत नहीं दी। उन्होंने दावा किया कि “अब भाजपा सरकार की विदाई तय है, समाजवादी सरकार आएगी तो रोजगार और कारोबार बढ़ेगा तथा हर वर्ग को न्याय मिलेगा।”
अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि खाद की कालाबाजारी हुई, किसानों को लंबी लाइनें लगानी पड़ीं और धरना-प्रदर्शन करना पड़ा, फिर भी उन्हें खाद-बीज उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने किसानों से अपील की कि “जो सरकार उनकी बुनियादी ज़रूरतें पूरी नहीं कर पा रही, उसे हटाना होगा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी नेताओं, विशेषकर मोहम्मद आज़म ख़ान सहित कई नेताओं पर झूठे मुकदमे लगाए। दूसरी ओर, अपराधियों की सूची तक नहीं बताई जाती और निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा है। “आज थानों से लेकर हर जगह एक ही जाति का दबदबा है,” उन्होंने कहा।
उपचुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने प्रशासनिक दबाव बनाकर वोटों की डकैती की। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था और विदेश संबंध दोनों बर्बाद हुए हैं। “महंगाई चरम पर है, रुपया गिर रहा है और रोजगार खत्म हो रहे हैं। दुनिया में भारत की साख गिरी है, मित्र देश भी व्यापार से दूरी बना रहे हैं।”
भारी टैक्स और जीएसटी नीति पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दस वर्षों तक टैक्स और जीएसटी के जरिए जनता को लूटने का काम किया, जबकि जनता महंगाई के बोझ से कराहती रही।



