झांसी की टॉपर तृप्ति बनीं एक दिन की कोतवाल, बेटियों के लिए बनी मिसाल

- अमन कुमार
झांसी (मोंठ): महिला सशक्तिकरण और बेटियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक अनोखी पहल की गई। हाईस्कूल टॉपर तृप्ति दीक्षित को एक दिन के लिए मोंठ थाने की कमान सौंपी गई। थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर तृप्ति ने पुलिस कार्यप्रणाली को समझा और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
अमरा निवासी देवेंद्र दीक्षित की बेटी तृप्ति ने हाल ही में हाईस्कूल परीक्षा में 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में टॉप किया था। वर्तमान में वह कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। सीओ अजय श्रोत्रीय और कोतवाल अखिलेश द्विवेदी ने उन्हें थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठाकर स्वागत किया और कहा कि यह पहल समाज में बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का संदेश है।
फरियादें सुनीं, पुलिस व्यवस्था समझी
एक दिन की कोतवाल बनीं तृप्ति ने थाना परिसर में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने विशेष रूप से एक पारिवारिक विवाद को समझा और पुलिस प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मैस, कार्यालय और कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया और पुलिस कार्यप्रणाली की बारीकियों को जाना।
पुलिस अधिकारियों का संदेश
सीओ अजय श्रोत्रीय ने कहा कि “तृप्ति जैसी बेटियां समाज की प्रेरणा हैं। उनकी उपलब्धियों से अन्य छात्राओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।”
कोतवाल अखिलेश द्विवेदी ने कहा कि पुलिस सदैव बेटियों के साथ खड़ी है और ऐसी पहल से उनका आत्मविश्वास और मजबूत होगा।
तृप्ति का अनुभव
इस अवसर पर तृप्ति दीक्षित ने कहा कि पुलिस की कार्यशैली को करीब से देखने का अवसर उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने बताया कि उनका सपना यूपीएससी की तैयारी कर देश की सेवा करने का है। “आज का अनुभव मेरे लिए यादगार और प्रेरणादायी रहेगा,” उन्होंने कहा।



