भारतीय डाक: आधुनिक, समावेशी और डिजिटल तकनीक से सशक्त – पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

- ऋषभ कुमार
गांधीनगर। राजधानी गांधीनगर स्थित डॉ. अंबेडकर भवन सभाकक्ष में आयोजित “डाक व्यवसाय विकास एवं वित्तीय समावेशन महामेला” का शुभारंभ उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “भारतीय डाक विभाग एक आधुनिक, समावेशी और डिजिटल तकनीक से सशक्त संस्थान के रूप में निरंतर परिवर्तित हो रहा है।”
श्री यादव ने बताया कि डाकघर निर्यात केंद्रों के माध्यम से ओडीओपी, जीआई टैग वाले उत्पादों और एमएसएमई की वस्तुओं को विदेशों तक पहुँचाकर “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” की अवधारणा को मजबूती दी जा रही है। उन्होंने कहा कि “डाकिया डाक लाया” से “डाकिया बैंक लाया” तक की यात्रा डाक कर्मयोगियों के बदलते स्वरूप का परिचायक है।

डिजिटल और वित्तीय समावेशन की दिशा में पहल
महामेले में आमजन को विभिन्न बचत योजनाओं, सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की जानकारी दी गई। इस दौरान लाभार्थियों को पासबुक व पॉलिसी बॉन्ड प्रदान किए गए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को सम्मानित किया गया।
डाक चौपाल के माध्यम से आधार नामांकन, पासपोर्ट सेवाएँ, डिजिटल बैंकिंग, डीबीटी, बीमा और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जैसी सुविधाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाई गई।
बेटियों के सुरक्षित भविष्य पर विशेष बल
श्री यादव ने सुकन्या समृद्धि योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटियों के लिए यह केवल बचत योजना नहीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने अपील की कि नवरात्रि जैसे शुभ अवसरों पर बेटियों के नाम पर खाते खुलवाकर उन्हें वित्तीय उपहार दें।
उत्तर गुजरात में अब तक 4.77 लाख सुकन्या समृद्धि खाते खोले जा चुके हैं और 850 गाँवों को “सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम” घोषित किया गया है।

गांधीनगर डाक मंडल की उपलब्धियाँ
प्रवर डाक अधीक्षक पियूष राजक ने बताया कि वर्तमान में मंडल में 7.09 लाख बचत खाते और 1.40 लाख IPPB खाते संचालित हैं। अब तक 120 गाँवों को “सम्पूर्ण बीमा ग्राम” और 33 गाँवों को “सम्पूर्ण बचत ग्राम” का दर्जा दिया गया है।
गांधीनगर प्रधान डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र से इस वित्तीय वर्ष में 3 हजार से अधिक पासपोर्ट जारी किए गए। साथ ही 36 हजार से ज्यादा लोगों ने आधार सेवाओं और 6 हजार लोगों ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के डिजिटल लाभों का उपयोग किया।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर IPPB चीफ मैनेजर अभिजीत जिभकाटे, मैनेजर निरंजन भक्ता, सहायक अधीक्षक हेमंत कंतार, निरीक्षक वी.के. प्रजापति, गांधीनगर पोस्टमास्टर डी.एम. राठोड सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, डाककर्मी और नागरिक उपस्थित रहे।



