झांसी डीएम ने दिए सख्त निर्देश, अवैध कब्जों और अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

- प्रज्ञा सिंह
झांसी। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने थाना नवाबाद में आम जनता की शिकायतें सुनी और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध, सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था, मदिरा सेवन तथा सरकारी और निजी भूमि पर अवैध कब्जों के मामलों में सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और प्रशासन पूरी तरह से सेंसिटिव और पारदर्शी तरीके से जनता को सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापरक निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही किसी शिकायत के निस्तारण का मानक होना चाहिए और यदि शिकायत जायज है तो उसका समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
थाना नवाबाद का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने विवेचना पंजिका और टॉप टेन अपराधी पंजिका का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि टॉप टेन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही, भूमि से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति, एसपी सिटी प्रीति सिंह, इंस्पेक्टर नवाबाद तथा क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो भी उपस्थित रहे।



