बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन में जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम, पुलिस आयुक्त ने महिला सुरक्षा व स्वावलंबन पर दिए विचार

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। दिनांक 30 सितम्बर 2025 को थाना कर्नलगंज क्षेत्र स्थित बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन, हर्ष नगर में “जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री अखिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त ने #MissionShakti5 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर विस्तृत विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और सक्षम महिलाएं समाज में हिंसा और असमानता को कम करती हैं।
अखिल कुमार ने विशेष रूप से शिक्षा, जीवन कौशल और उद्यमिता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन साधनों के माध्यम से लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों की बढ़ती संख्या और उनके योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं न केवल समाज में सुरक्षा की अहम जिम्मेदारी निभा रही हैं, बल्कि पुलिस विभाग की कार्यक्षमता को भी नई ऊँचाइयों पर ले जा रही हैं।
पुलिस आयुक्त ने इस सफल आयोजन के लिए जिला अधिकारी कानपुर नगर, जिला प्रोबेशन अधिकारी, स्कूल प्रशासन और आयोजन टीम का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति समाज को जागरूक करना तथा छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।



