Sunday Cricket League (SCL) का भव्य आगाज़, DCP सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने किया शुभारंभ

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। 2 अक्टूबर 2025 को गांधी जयंती के अवसर पर डॉ. वीरेंद्र स्वरूप मेमोरियल संडे क्रिकेट लीग (SCL) का 22वां संस्करण बड़े ही उत्साह और जोश के साथ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।

खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि खेल न केवल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं को अपने हुनर को निखारने और ऊँचाइयों तक पहुँचने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा, “मैदान की ऊर्जा ही खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।”
कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया जब डीसीपी सेंट्रल स्वयं मैदान पर उतरे और बल्ला थामकर कुछ शानदार शॉट्स खेले। उनके खेल प्रदर्शन ने सभी का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया।

इस लीग के 22वें संस्करण में इंद्र मोहन रोहतगी (इंडियन वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष), इंदीवर बाजपेई (कानपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष), टूर्नामेंट सेक्रेटरी अहसान इमरान और क्रिकेट जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य न केवल युवा क्रिकेटरों को अपना कौशल प्रदर्शित करने का मंच देना है, बल्कि कानपुर के क्रिकेटिंग कल्चर को नई ऊँचाइयों तक ले जाना भी है। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया और आने वाले वर्षों में इस लीग को और भी व्यापक रूप देने का संकल्प लिया।



