भाजपा आंकड़ों की बाजीगरी से सच नहीं छुपा सकती, 2027 में होगी विदाई : अखिलेश यादव

- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि झूठे आंकड़े गढ़ने और काले कारनामों पर पर्दा डालने में भाजपा को महारत हासिल है। एनसीआरबी की रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश हत्या, अपहरण और महिला अपराध में नम्बर वन पर है, लेकिन भाजपा सच्चाई छिपाने के लिए आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि एनसीआरबी के अनुसार वर्ष 2023 में प्रदेश में 223 बच्चों की हत्या, 19 बच्चों की बलात्कार के बाद हत्या, 8160 बच्चों का अपहरण, 2141 दहेज हत्या के मामले और महिलाओं के अपहरण व बंधक बनाने के 15,074 मामले दर्ज किए गए। इसके बावजूद मुख्यमंत्री कहते हैं कि अपराधियों की “खैर नहीं”, जबकि सच्चाई यह है कि लखनऊ समेत तमाम जिलों में रोजाना छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, दुष्कर्म और जमीन कब्जाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने किसानों की दुर्दशा का जिक्र करते हुए कहा कि कर्ज़ और संकट से जूझते किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं। खाद न मिलने से लाइन में मौत तक हो रही है, लेकिन सरकार मुआवजा और राहत देने में नाकाम रही है।
सपा अध्यक्ष ने दलितों पर अत्याचार का मुद्दा भी उठाया और कहा कि एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार दलित उत्पीड़न मामलों में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। भाजपा शासन में जाति और धर्म देखकर कार्रवाई होती है, जिससे दलितों को न्याय नहीं मिल पा रहा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह असफल है। अपराधियों पर लगाम लगाने में सरकार नाकाम है और खुद भाजपा नेता ही कानून-व्यवस्था को चुनौती देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि विरोधियों पर बुलडोजर चलाकर शांति कायम नहीं हो सकती।
सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि 2027 में जनता भाजपा सरकार को माफ नहीं करेगी और समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी।



