आर्यनगर विधानसभा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म सम्मेलन संपन्न

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान एवं नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म अभियान के तहत आर्यनगर विधानसभा का कार्यकर्ता सम्मेलन गीतांजलि गेस्ट हाउस, मॉल रोड में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी सलिल विश्नोई ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री अवधेश सोनकर ने किया।
मुख्य अतिथि भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना उपाध्याय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का विचार था कि देश की आर्थिक व्यवस्था स्वदेशी पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल से लेकर आत्मनिर्भर भारत तक हर पहल का उद्देश्य यही है—देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि जब हम अपने उद्योगों को मजबूत करते हैं और कौशल व तकनीकी को बढ़ावा देते हैं, तो हम न केवल आत्मनिर्भर बनते हैं बल्कि विश्व को भी अपनी क्षमता दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी यही संदेश है कि “स्वदेशी उत्पादों का मतलब है—कम कीमत और अधिक शक्ति।”

सम्मेलन के दौरान सीए प्रखर गुप्ता और व्यापारी कैलाश अग्रवाल ने जीएसटी रिफॉर्म से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर उपस्थित जनों को विस्तृत जानकारी दी।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि आर्यनगर के साथ ही कल्याणपुर विधानसभा का सम्मेलन भी सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुकुंद मिश्रा, हर्षित श्रीवास्तव लाला, योगेश पांडे, रमा शंकर अग्रहरि, वैभव खंडेवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



