नेहा तिवारी बनीं दिवालीशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2025, डॉ. संदीप ने किया सम्मानित

- पूजा परिहार
झाँसी। झाँसी की समाजसेविका नेहा तिवारी ने अपने आत्मविश्वास, मेहनत और सपनों पर अडिग विश्वास के बल पर दिवालीशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2025 का ताज अपने नाम किया। इस उपलब्धि से पूरे झाँसी जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ।
नेहा तिवारी मणिकर्णिका वूमेंस क्लब झाँसी की निवर्तमान अध्यक्ष हैं और वर्षों से महिलाओं के सामाजिक उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने अपने समर्पण और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया कि महिला अगर ठान ले तो कोई भी ऊँचाई असंभव नहीं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर संघर्ष सेवा समिति की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नेहा तिवारी को रानी लक्ष्मीबाई स्मृति चिन्ह, शॉल, तिलक एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। साथ ही, मणिकर्णिका वूमेंस क्लब झाँसी की चार्टर प्रेसिडेंट सपना सरावगी को दिवालीशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स समिति के CEO द्वारा संरक्षक पद प्रदान किया गया और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर ओमनी राय, अंजली अग्रवाल, मोना राय, नीलू नारवाणी, राखी मिश्रा सहित कई गणमान्य महिलाएँ उपस्थित रहीं। इस अवसर पर डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि “नेहा ने मेहनत, आत्मविश्वास और अपने सपनों पर भरोसा करके यह मुकाम हासिल किया। यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि हर उस महिला की जीत है, जो अपने सपनों को सच करने का साहस रखती है। हम नेहा तिवारी को हृदयतल से बधाई देते हैं और कामना करते हैं कि वे इसी तरह नई ऊँचाइयाँ छूती रहें और झाँसी, प्रदेश और देश का नाम दुनिया भर में रोशन करें।”
इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति से सुशांत गेड़ा, सूरज वर्मा, मुस्कान विश्वकर्मा, भावना रजक, राजू सेन, राकेश अहिरवार, अनुज प्रताप सिंह, संदीप नामदेव, महेंद्र रैकवार, मास्टर मुन्नालाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



