थाना मूलगंज क्षेत्र में अवैध पटाखों के विस्फोट में 8 घायल, पुलिस ने की कार्रवाई

बिसातखाना धमाके के बाद पुलिस कमिश्नर ने पूरे जिले में अवैध पटाखा बिक्री पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। इस अभियान में शहरी क्षेत्र के अलावा नरवल, घाटमपुर, बिठूर समेत सभी ग्रामीण व उपनगरीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। दिनांक 08 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 19:15 बजे थाना मूलगंज क्षेत्र, मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार में एक खिलौने की दुकान के सामने दो स्कूटी में ब्लास्ट होने की घटना हुई। इस विस्फोट में लगभग आठ व्यक्ति घायल हुए, जिनमें से चार को गंभीर अवस्था में लखनऊ रेफर किया गया। अन्य चार में से दो को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कर घर भेजा गया, जबकि दो अन्य का चिकित्सालय में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि यह मामला अवैध पटाखों के भंडारण से संबंधित है। जिस दुकान के सामने विस्फोट हुआ, उसके समीप पर्याप्त मात्रा में पटाखे बरामद किए गए। साथ ही, लगभग 25 मीटर की दूरी पर एक गोदाम मिला है, जिसमें अत्यधिक मात्रा में विस्फोटक पदार्थ पाए गए, जो पटाखों के निर्माण में प्रयुक्त होते हैं।
सोशल मीडिया पर इस घटना को मस्जिद के पास हुई गतिविधियों या “खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स” से जोड़ने वाले दावे पूर्णतः असत्य और भ्रामक हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह स्थानीय स्तर की दुर्घटना है और किसी आतंकी संगठन का इसमें कोई हाथ नहीं है।
घटना में शामिल 12 व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से दो स्कूटी बरामद की गई हैं, जिनमें से एक स्कूटी सवार गंभीर अवस्था में लखनऊ रेफर किया गया, जबकि दूसरी स्कूटी चोरी की पाई गई।
जांच के दौरान लापरवाही पाए जाने पर SHO सहित पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया और संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। पुलिस ने सभी संबंधित व्यक्तियों और अवैध पटाखों के भंडार को चिन्हित कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में नरवल, बिल्हौर, शिवराजपुर, घाटमपुर, बिधनू, बिठूर और शहरी व उपनगरीय क्षेत्र: महाराजपुर, चकेरी, पनकी शामिल हैं। सभी संबंधित पुलिस स्टेशन के प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें और विस्फोटक अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।



