मृतक हरिओम बाल्मीकि के परिवार से मिले CM योगी, न्याय सुनिश्चित करने का दिया भरोसा

सीएम योगी ने परिवार को बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिया जाएगा। इसके साथ ही संगीता बाल्मीकि को उनके कार्यस्थल पर स्थायी नौकरी दी जाएगी और परिवार को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में चोरी के अफवाह के कारण भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए गए दलित व्यक्ति हरिओम बाल्मीकि के परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय, सुरक्षा एवं सरकारी सहायता का भरोसा दिया।
शनिवार शाम लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतक की पत्नी संगीता बाल्मीकि ने कहा, “बाबा सिर्फ आप ही हैं जो दलितों की रक्षा कर सकते हैं। हम सरकार और पुलिस की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं और न्याय मिलने का विश्वास है।”
मुलाकात के दौरान संगीता बाल्मीकि अपने पिता छोटे लाल और बेटी अन्यना के साथ मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार की पीड़ा को समझा, उन्हें सांत्वना दी और अपराधियों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई थी। उन्होंने दलितों, वंचितों और शोषितों की सुरक्षा और सम्मान को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया और स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि हरिओम बाल्मीकि मामले में प्रदेश सरकार न्यायालय में प्रभावी पैरवी करेगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएगी। मुलाकात के बाद संगीता बाल्मीकि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा, “हम योगी सरकार की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं और न्याय मिलने का विश्वास है।”



