NEWS

हमास ने छोड़े सभी इज़राइली बंधक, PM मोदी ने ट्रंप और नेतन्याहू की सराहना की

  • नेहा पाठक

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दो साल से अधिक समय तक हमास के कब्जे में रहे सभी इज़राइली बंधकों की रिहाई का स्वागत किया। उन्होंने इसे बंधक परिवारों के साहस, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रयासों और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दृढ़ संकल्प को समर्पित बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “हम दो साल से अधिक समय तक बंधक बनाए रखने के बाद सभी बंधकों की रिहाई का स्वागत करते हैं। उनकी आज़ादी उनके परिवारों के साहस, राष्ट्रपति ट्रंप के अटूट शांति प्रयासों और प्रधानमंत्री नेतन्याहू के दृढ़ संकल्प को श्रद्धांजलि है। भारत क्षेत्र में स्थायी शांति लाने के सभी ईमानदार प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।”

भारत पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप के मध्य पूर्व में शांति बहाली के प्रयासों का समर्थन करता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 4 अक्टूबर को भी कहा था कि “गाजा में शांति प्रयासों में निर्णायक प्रगति के लिए हम राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत करते हैं। बंधकों की रिहाई के संकेत एक महत्वपूर्ण कदम हैं। भारत स्थायी और न्यायपूर्ण शांति की दिशा में सभी प्रयासों का दृढ़ता से समर्थन करता रहेगा।”

गाजा शांति योजना के तहत सभी 20 जीवित बंधक रिहा
गाजा शांति योजना के तहत हमास ने अपने कब्जे में रखे सभी 20 जीवित इज़राइली बंधकों को रिहा कर दिया है। इज़राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने पुष्टि की कि अंतिम 13 बंधकों को सोमवार को हमास ने रेड क्रॉस को सौंपा, जिसके बाद उन्हें दक्षिणी गाजा के खान यूनिस से इज़राइल वापस लाया गया।

आईडीएफ के अनुसार, सभी रिहा बंधकों को प्राथमिक चिकित्सा जांच के लिए आईडीएफ और इज़राइल सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) के अधिकारियों के साथ देश वापस ले जाया जा रहा है।

बंधकों में एल्काना बोहबोट, एविनातन ओर, योसेफ-हैम ओहाना, एव्याटर डेविड, रोम ब्रास्लावस्की, सेगेव काल्फोन, निम्रोद कोहेन, मैक्सिम हर्किन, एतान हॉर्न, मतान जांगाउकर, बार कुपरश्टाइन, डेविड कुनियो, एरियल कुनियो, गैली, जिव बर्मन, मतान एंग्रस्ट, अलोन ओहेल, ओमरी मिरान, एतान मोर और गाय गिल्बोआ-दलाल शामिल हैं।

दो साल लंबे युद्ध का अंत, नेतन्याहू ने ट्रंप को दिया सम्मान
टाइम्स ऑफ इज़राइल की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को दो साल से चल रहे युद्ध का अंत हुआ, जो 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद शुरू हुआ था। उस हमले में 1,200 से अधिक इज़राइली मारे गए थे और 251 लोगों का अपहरण हुआ था।

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस ऐतिहासिक मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इज़राइल के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “इज़राइल पुरस्कार” के लिए नामित किया। उन्होंने कहा, “व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप इज़राइल के अब तक के सबसे महान मित्र साबित हुए हैं।”

यह घोषणा इज़राइली संसद (नेसेट) के विशेष सत्र में की गई, जहां ट्रंप का खड़े होकर तालियों से स्वागत किया गया। नेतन्याहू ने अपने संबोधन में कहा, “मैंने कई अमेरिकी राष्ट्रपतियों को देखा है, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप जैसी निर्णायक नेतृत्व क्षमता किसी में नहीं देखी।”

नेतन्याहू ने ट्रंप की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यरुशलम को इज़राइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने, अमेरिकी दूतावास स्थानांतरण, गोलन हाइट्स पर इज़राइली संप्रभुता की स्वीकृति, संयुक्त राष्ट्र में समर्थन और अब्राहम समझौते की पहल जैसे कदमों से इज़राइल के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है।

Related Articles

Back to top button