प्रत्येक अधिवक्ता न्याय के दीपक का ज्योति-बिंदु है: जिला जज रवीन्द्र सिंह

- विवेक कुमार
कानपुर देहात। जनपद के नव नियुक्त जिला जज रवीन्द्र सिंह ने कहा कि “प्रत्येक अधिवक्ता न्याय के दीपक का ज्योति-बिंदु है, जो अपने तर्क, अध्ययन और संयम से समाज में विश्वास जगाता है।”
वे यह बातें जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष मुलायम सिंह के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट के लिए पहुंचे अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान कही।
जिला जज रवीन्द्र सिंह ने कहा कि न्याय के इस पवित्र मंदिर में अधिवक्ता केवल पक्षकारों के प्रतिनिधि नहीं, बल्कि न्याय की साधना के सहभागी हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के अनुभव, श्रम और अध्ययन से ही न्याय प्रक्रिया जीवंत होती है और न्याय व्यवस्था मजबूत बनती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अधिवक्ताओं के सहयोग से न्यायालय निष्पक्षता, पारदर्शिता और सहयोग के आदर्शों पर आगे बढ़ेगा।
जिला जज ने युवा अधिवक्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा —
“यह समय आपके लिए अवसर का है — सीखने, सशक्त बनने और न्याय के आदर्श को अपने जीवन में उतारने का।”
उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान हेतु वे हमेशा वार्ता के लिए उपलब्ध हैं। साथ ही अपेक्षा जताई कि बार के वरिष्ठ और युवा अधिवक्ता संवाद व अनुशासन के माध्यम से एक आदर्श न्यायिक वातावरण के निर्माण में सहयोग देंगे।
रवीन्द्र सिंह ने कहा कि न्याय व्यवस्था तभी प्रभावी बनती है जब अधिवक्ता और न्यायालय एक-दूसरे के दृष्टिकोण को सम्मानपूर्वक समझते हैं।
इस अवसर पर सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता जितेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, पूर्व अध्यक्ष सम्पत लाल, रमेश चन्द्र सिंह गौर, राजेन्द्र द्विवेदी, सुलेखा यादव, सर्वेंद्र सिंह, शमशाद खान, जितेन्द्र बाबू, रोहित शुक्ला, महेन्द्र सिंह यादव, योगेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, मनमोहन सिंह, प्रदीप कुमार, धर्मेन्द्र सिंह, और अभिषेक सविता सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।



