पोषणयुक्त समाज के निर्माण में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका सराहनीय: प्रतिभा शुक्ला

मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने समाज को सुरक्षित रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया और आज भी पोषणयुक्त समाज बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
- दीपक कुमार
कानपुर नगर। मोतीझील स्थित लान नंबर 3 में आयोजित जिला स्तरीय पोषण माह कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि कुपोषण से मुक्त समाज तभी संभव है जब समाज और कार्यकर्ता इसे अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें।
मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने समाज को सुरक्षित रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया और आज भी पोषणयुक्त समाज बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने मिशन शक्ति के तहत आयोजित मेलों और स्वास्थ्य शिविरों में आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में 5 गर्भवती महिलाओं का गौद भराई, 5 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसी क्रम में 11 गंभीर कुपोषित बच्चों को औषधीय किट वितरित की गई। मंच पर प्रस्तुति देने वाले सात बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
साथ ही पोषण माह और मिशन शक्ति के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 12 सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पहल से कार्यकर्ताओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।

कार्यक्रम के दौरान लगे स्वदेशी मेला का भी मंत्री ने भ्रमण किया। मेले में प्रदेश भर के कारीगरों और उद्यमियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने नागरिकों से अपील की कि दीपावली की खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि इससे कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा और आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह, महिला कल्याण अधिकारी मोनिका, जिला समन्वयक शैल शुक्ला, बाल विकास परियोजना अधिकारी रत्ना, आस्था एवं अविरल पुष्पा सहित यूनिसेफ के मंडलीय प्रतिनिधि आशीष शुक्ला भी मौजूद रहे और पोषण माह अभियान को सहयोग देने का आश्वासन दिया।



