संपूर्ण समाधान दिवस में उजागर हुआ अवैध क्लीनिक, DM के निर्देश पर टीम ने किया सील

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। शनिवार को तहसील नर्वल में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक अवैध क्लीनिक का मामला सामने आया। कुल 115 प्रार्थना पत्रों में से सात का मौके पर ही निस्तारण कर आवेदकों को तत्काल राहत दी गई, जबकि शेष के निस्तारण के लिए डीएम ने विभागों को सात दिन की तय समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।
सरसौल क्षेत्र के ग्राम बाजखेड़ा निवासी पंकज ने शिकायत की कि सैयद बाबा मजार के सामने रामपुर रोड स्थित नारायण मेडिकल स्टोर पर विजय यादव व अन्य द्वारा बिना अनुमति जांच और इलाज किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को टीम के साथ मौके पर भेजा।
निरीक्षण में मेडिकल स्टोर के भीतर दो मरीजों का इलाज होते पाया गया — एक मरीज राम मनोहर को ड्रिप चढ़ाई जा रही थी और दूसरी मरीज माया देवी बेड पर लेटी थीं। सीएमओ ने दोनों को सीएचसी सरसौल भिजवाया और मौके पर ही अवैध क्लीनिक को सील कर दिया। दवा बिक्री और लाइसेंस जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण किया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर माटी कला मेला भी आयोजित हुआ, जिसमें कुम्हारों ने मिट्टी के दीये, खिलौने और सजावटी वस्तुएं प्रदर्शित कीं। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कारीगरों से वस्तुएं खरीदीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
विभागवार प्राप्त प्रार्थना पत्रों में राजस्व विभाग के 59, पुलिस के 14, राजस्व-पुलिस संयुक्त के 12, विकास विभाग के 13, विद्युत के दो, चकबंदी विभाग के सात, राजस्व-चकबंदी संयुक्त के पांच और शेष अन्य विभागों से संबंधित थे।



