डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने किया शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण, अतिक्रमण मुक्त सड़क और सुगम यातायात के दिए निर्देश

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार, 21 अक्टूबर 2025 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड चौराहा, बड़ा चौराहा, मूलगंज चौराहा, घंटाघर चौराहा, टाटमिल चौराहा तथा टाटमिल–झकरकट्टी बस अड्डा मार्ग सहित अन्य व्यस्त स्थलों का जायज़ा लिया। इस अवसर पर एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह, एसीपी ट्रैफिक, यातायात निरीक्षक पूर्वी ज़ोन प्रथम एवं द्वितीय, संबंधित थाना प्रभारी निरीक्षक, साथ ही स्थानीय व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं दुकानदार भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और यातायात की सुगमता बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की कि वे सड़क पर अनावश्यक अतिक्रमण न करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
साथ ही, पुलिस विभाग की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की असुविधा की स्थिति में तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें —
📞 ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 9305104340
📞 ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर: 9305104387



