साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने को पुलिस का अभियान

राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह पर शहरभर में चला अभियान
- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (अक्टूबर 2025) के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के साइबर क्राइम थाना की टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों — रामादेवी, चकेरी, लाल बंगला, मोतीझील, परेड, नवाबगंज और आसपास के बाजारों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने बाजारों, बैंकों, पेट्रोल पंपों, साइबर कैफे, सार्वजनिक स्थलों और बस अड्डों पर आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। टीम ने लोगों को ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल, फर्जी निवेश योजनाएं, जॉब फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, UPI स्कैम, QR कोड धोखाधड़ी और बैंक OTP शेयरिंग जैसे बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज के दौर में साइबर अपराधी तकनीकी और संगठित तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जागरूक रहना ही सबसे बड़ा सुरक्षा उपाय है। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, जिससे समय रहते धनराशि को सुरक्षित किया जा सके।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने पंपलेट वितरित कर “सतर्क नागरिक – सुरक्षित नागरिक” का संदेश दिया और नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और सहकर्मियों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।
साइबर क्राइम पुलिस थाना, कानपुर नगर की यह पहल डिजिटल सुरक्षा को जनआंदोलन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस विभाग का लक्ष्य है कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
संदेश: “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें – आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी।”



