GSVM मेडिकल कॉलेज में अब स्वदेशी रोबोट करेगा सर्जरी, AI तकनीक से लैस

- मनीष कुमार
कानपुर नगर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में अब मरीजों की सर्जरी स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) युक्त रोबोट करेगा। यह कानपुर का पहला सरकारी संस्थान होगा जहां अत्याधुनिक तकनीक से लैस रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि शासन ने रोबोट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रारंभिक चरण में एक रोबोट स्थापित किया जाएगा। यह रोबोट ‘मेक इन इंडिया’ के तहत देशी कंपनी द्वारा निर्मित है और पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है।
डॉ. काला के अनुसार, विदेशी रोबोट की तुलना में यह मशीन कम खर्चीली और अधिक सक्षम है। विदेशी सिस्टम में एक सर्जरी पर जहां 1 से 1.5 लाख रुपये तक का खर्च आता है, वहीं इस स्वदेशी रोबोट में केवल 50 हजार रुपये का उपभोग्य सामान लगेगा। कंपनी की ओर से 200 सर्जरी तक का सामान मुफ्त और पांच साल तक मेंटेनेंस की सुविधा भी दी जाएगी।
14 करोड़ रुपये कीमत वाले इस रोबोट की एक खासियत यह भी है कि इसमें एक साथ 5 से 6 डॉक्टर सर्जरी की प्रक्रिया लाइव देख सकेंगे, जबकि विदेशी रोबोट में एक समय में केवल एक व्यक्ति ही देख पाता है।
डॉ. काला ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी के संचालन के लिए तीन डॉक्टरों का चयन कर लिया गया है, जिन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। उम्मीद है कि एक वर्ष के भीतर रोबोट कॉलेज में स्थापित कर दिया जाएगा, जिससे सर्जरी विभाग में तकनीकी क्रांति आएगी और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।



