NEWSUttar Pradesh

कानपुर: पुलिस आयुक्त ने संवेदनशील थानों में दो सौ पुलिसकर्मियों को तैनात किया

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। कानपुर में पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल की अध्यक्षता में पुलिस आयुक्त कार्यालय सभागार में करीब चार घंटे चली मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध विनोद कुमार सिंह, सभी जोन के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और थाना/शाखा प्रभारी मौजूद थे।

बैठक में थाना प्रभारी, एसीपी और एडीसीपी के कार्यों की समीक्षा की गई और अपराध नियंत्रण की रणनीतियों पर निर्णय लिया गया। बैठक के बाद थाना प्रभारियों की गाड़ियों ने शहर में गश्त और फ्लैग मार्च भी निकाला।

पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने कहा कि थानों की सक्रियता से जनता में पुलिस की छवि में सुधार होता है। उन्होंने एसीपी और एडीसीपी स्तर के अधिकारियों को थाना पुलिस का सघन निरीक्षण करने और सुधार लाने के निर्देश दिए। इसी दिशा में पुलिस लाइन में लंबे समय से प्रतीक्षारत करीब दो सौ पुलिसकर्मियों को संवेदनशील थानों में तैनात किया गया। साथ ही रिजर्व पीएसी और अन्य अतिरिक्त बल की गश्त भी संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई है।

उन्होंने निर्देश दिया कि थानों पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ पुलिसकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील, विनम्र और सकारात्मक होना चाहिए और किसी भी अपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्ति को थाने में न बैठाया जाए। इसके अलावा, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में “मिशन शक्ति 5.0” कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया।

साइबर अपराध को गंभीर चुनौती बताते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि कानपुर पुलिस में पर्याप्त पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध प्रशिक्षण दिया गया है। थाने स्तर पर मामले सक्रिय रूप से निस्तारित किए जाएँ और आम जनता के विश्वास के लिए शिकायतों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।

पुलिस आयुक्त ने हाल के अभियानों में मिले सकारात्मक परिणामों की सराहना भी की।

Related Articles

Back to top button